मिरे जैसी तुम्हें मिलनी नहीं है
मगर कोई ज़बरदस्ती नहीं है
ये दिल है आप का ऑफ़िस नहीं जी
यहाँ पर आप की चलती नहीं है
मैं जचती हूँ उसे हर ज़ाविए से
वो मेरा है तो बस यूँँही नहीं है
वो ख़ुशबू मुख़्तलिफ़ है ख़ुशबुओं से
वो सब में रह के सब जैसी नहीं है
हवाई फ़ाइरिंग में ज़ाएअ' कर दें
ज़रूरत है तो इक गोली नहीं है
तिरे ख़्वाबों में आने वाली लड़की
किसी की बातों में आती नहीं है
कोई पूछे मिरा तो उस से कहना
सरासर प्यार है प्यारी नहीं है
जिसे थी आरज़ू फिर जी उठूँ मैं
उसे अब मुझ में दिलचस्पी नहीं है
नहीं रोती तुम्हारा नाम ले कर
वो लड़की अब वही लड़की नहीं है
Read Full