khade hain moosa uthao parda dikhaao tum aab-o-taab-e-aariz | खड़े हैं मूसा उठाओ पर्दा दिखाओ तुम आब-ओ-ताब-ए-आरिज़

  - Ahmad Husain Mail

खड़े हैं मूसा उठाओ पर्दा दिखाओ तुम आब-ओ-ताब-ए-आरिज़
हिजाब क्यूँँ है कि ख़ुद तजल्ली बनी हुई है हिजाब-ए-आरिज़

न रुक सकेगी ज़िया-ए-आरिज़ जो सद्द-ए-रह हो नक़ाब-ए-आरिज़
वो होगी बे-पर्दा रख के पर्दा ग़ज़ब की चंचल है ताब-ए-आरिज़

छुपा न मुँह दोनों हाथ से यूँँ तड़पती है बर्क़-ए-ताब-ए-आरिज़
लगा न दे आग उँगलियों में ये गर्मी-ए-इज़्तिराब-ए-आरिज़

जो उन को लिपटा के गाल चूमा हया से आने लगा पसीना
हुई है बोसों की गर्म भट्टी खिंचे न क्यूँँ कर शराब-ए-आरिज़

परी जो देखे कहे तड़प कर जो हूर देखे कहे फड़क कर
तुम्हारा गेसू जवाब-ए-गेसू तुम्हारा आरिज़ जवाब-ए-आरिज़

हुज़ूर घुँघट उठा के आएँ बड़ी चमक किस में है दिखाएँ
इधर रहे आफ़्ताब-ए-महशर उधर रहे आफ़्ताब-ए-आरिज़

छुपाना क्या एक का था मंज़ूर आज तक हैं जो चार मशहूर
ज़बूर तौरेत मुसहफ़ इंजील पाँचवीं है किताब-ए-आरिज़

न क्यूँँ हो दा'वा बराबरी का वहाँ मिला तिल यहाँ सुवैदा
ये नुक़्ता-ए-इंतिख़ाब-ए-दिल है वो नुक़्ता-ए-इंतिख़ाब-ए-आरिज़

पड़ा हूँ ग़श में मुझे सुँघा दो पसीना चेहरे का ज़ुल्फ़ की बू
नहीं है कम लख़लख़े से मुझ को ये मुश्क-ए-गेसू गुलाब-ए-आरिज़

जो शो'ला-रू मुँह छुपा के निकला धुआँ सर-ए-राह कुछ कुछ उट्ठा
लगी वो आतिश बने है जल कर नक़ाब-ए-आरिज़ कबाब-ए-आरिज़

न झेपो सुब्ह-ए-विसाल देखो तुम आँख से आँख तो मिलाओ
लिए हैं गिन गिन के मैं ने बोसे ज़बान पर है हिसाब-ए-आरिज़

करो न ग़ुस्से से लाल चेहरा भवों में डालो न बल ख़ुदारा
नहीं मजाल-ए-जलाल-ए-अबरू नहीं है ताब-ए-इताब-ए-आरिज़

जो गाल पर गाल हम रखेंगे शब-ए-विसाल उन के हाथ उठेंगे
तमांचे मारेंगे प्यार से वो बजेंगे चंग-ओ-रुबाब-ए-आरिज़

कमर को गर्दन को दस्त-ओ-लब को विसाल में लुत्फ़ दे रहा है
शबाब-ए-ज़ानू शबाब-ए-बाज़ू शबाब-ए-सीना शबाब-ए-आरिज़

जनाब-ए-'माइल' ये कूदक-ए-दिल बुतों की उल्फ़त में होगा कामिल
पढ़ाओ क़ुरआँ के बदले इस को बयाज़-ए-गर्दन किताब-ए-आरिज़

  - Ahmad Husain Mail

Shohrat Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Ahmad Husain Mail

As you were reading Shayari by Ahmad Husain Mail

Similar Writers

our suggestion based on Ahmad Husain Mail

Similar Moods

As you were reading Shohrat Shayari Shayari