ज़िंदगी का निसाब बे-मा'नी
उस के हक़ में किताब बे-मा'नी
हासिल-ए-तजरबात ख़ामोशी
सब सवाल-ओ-जवाब बे-मा'नी
ख़्वाब टूटा हुआ सितारा-ए-शब
और ताबीर-ए-ख़्वाब बे-मा'नी
हुस्न के बे-शुमार जल्वे हैं
ज़हमत-ए-इंतिख़ाब बे-मा'नी
वही बंदे वही चलन उन का
नारा-ए-इन्क़िलाब बे-मा'नी
इक ख़याली बहिश्त की ख़ातिर
फ़िक्र-ए-रोज़-ए-हिसाब बे-मा'नी
फ़र्द के एहतिसाब से पहले
क़ौम का एहतिसाब बे-मा'नी
जिस के रुख़ पर हया का पर्दा हो
उस के रुख़ पर नक़ाब बे-मा'नी
मौज-दर-मौज हो तो बात भी है
क़तरा क़तरा शराब बे-मा'नी
कुछ भी कर ले ज़मीं न होगा कभी
अर्श पर आफ़्ताब बे-मा'नी
ख़ारज़ारों में घर बना के 'कँवल'
आरज़ू-ए-गुलाब बे-मा'नी
Our suggestion based on your choice
As you were reading Shayari by G R Kanwal
our suggestion based on G R Kanwal
As you were reading Maikashi Shayari Shayari